Tuesday, December 4, 2018

भारत ने पिछले 5 साल में विदेश में 42% टेस्ट जीते, दूसरी टीमों के मुकाबले सबसे ज्यादा

भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज का पहला मैच 6 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा। भारत-ऑस्ट्रेलिया 1947 से टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं, लेकिन टीम इंडिया आज तक कंगारुओं के खिलाफ उनके घर में टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। हालांकि, पिछले पांच साल में भारतीय टीम का विदेश में प्रदर्शन दुनिया की किसी भी टीम के मुकाबले बेहतर रहा है। भारत ने 1 जनवरी, 2013 से अब तक विदेश में 32 टेस्ट खेले। इनमें से उसने 10 जीते और 14 में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने पिछले पांच साल में विदेश में 34 टेस्ट खेले। इनमें से वह 11 जीता और 20 में हारा। तीन टेस्ट ड्रॉ रहे।

पिछले पांच साल में भारत का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सक्सेस रेट 67%
पिछले पांच साल में दोनों टीमों के बीच 12 टेस्ट खेले गए। इनमें से भारत ने 6 जीते, जबकि 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा। पिछले पांच साल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट खेले, लेकिन एक भी जीतने में कामयाब नहीं रही, जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा।

तीन साल बाद ऑस्ट्रेलिया में खेलेगी टीम इंडिया
टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में अपना आखिरी टेस्ट छह से 10 जनवरी 2015 के बीच सिडनी में खेला था। यह मुकाबला ड्रॉ रहा था। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की ओर से डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और भारत के लिए कप्तान विराट कोहली और लोकेश राहुल ने शतक लगाए थे।

घरेलू मैदान पर टीम इंडिया का सक्सेस रेट 96%
घरेलू मैदान पर मैच जीतने की बात करें तो भी टीम इंडिया शीर्ष पर है। पिछले पांच साल में उसने घरेलू मैदान पर 96 फीसदी मैच जीते हैं। टीम इंडिया ने एक जनवरी 2013 से अब तक 29 टेस्ट खेले। उसने 23 जीते, जबकि एक हारा। पिछले साल फरवरी में पुणे में हुए टेस्ट में उसे ऑस्ट्रेलिया ने हराया था।

भारत के मुकाबले ऑस्ट्रेलिया घर में 6% कम टेस्ट जीता
वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने पिछले पांच साल के दौरान घरेलू मैदान पर 90 फीसदी मैच जीते। ऑस्ट्रेलिया ने एक जनवरी 2013 से अब तक 27 टेस्ट खेले। इसमें 20 जीते और दो हारे। उसे नवंबर 2016 में पर्थ और होबर्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो टेस्ट में हार झेलनी पड़ी थी। पांच टेस्ट ड्रॉ रहे।

अन्य टीमों की बात करें तो श्रीलंका ने पिछले पांच साल में घरेलू मैदान पर 54 और विदेश में 41 फीसदी मैच जीते। श्रीलंका ने एक जनवरी 2013 के बाद घरेलू मैदान पर 28 टेस्ट खेले। इसमें वह 14 जीता और 12 हार गया। उसने विदेश में 30 टेस्ट खेले। इसमें वह नौ में जीता, जबकि 13 में हार का सामना करना पड़ा।

इंग्लैंड ने पिछले पांच साल में घरेलू मैदान पर 70 और विदेशी मैदान पर 35 फीसदी मैच जीते। उसने घर में 42 टेस्ट में से 26 जीते, जबकि 11 में हार गया। विदेश में वह 35 टेस्ट में से सिर्फ सात में जीत पाया, जबकि 19 में हार गया।

न्यूजीलैंड ने एक जनवरी 2013 से घरेलू मैदान पर 82 और विदेश में 33 फीसदी टेस्ट जीते। उसने विदेश में 27 टेस्ट में से सात जीते और 14 हारे। हालांकि, घर में उसने 25 में से 14 जीते और तीन हारे। दक्षिण अफ्रीका ने इस दौरान घर में 32 में से 22 टेस्ट जीते और छह हारे, जबकि विदेश में 23 में से सात ही जीत पाया और 10 में हारा।